![Zero Error Agency](https://www.navsarjansanskruti.com/wp-content/uploads/2024/06/Zero-Error-Agency-Prafull-ADVT-1600-×-408-px.gif)
मुंबई, 13 फरवरी। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की संकल्पना के अनुरूप मुंबई महानगर की प्रमुख सामाजिक संस्था लोढ़ा फाउंडेशन के सौजन्य से मुंबई महानगर पालिका द्वारा नवनिर्मित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक का लोकार्पण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा किया गया।
मुंबई के धर्मवीर स्वराज्य रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज सागर तट मार्ग स्थित टाटा गार्डन के पास इस पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक का निर्माण किया गया है। कोस्टल रोड के पास भूलाभाई देसाई रोड पर स्थित इस नवनिर्मित चौक के पास वहॉं के ट्रैफिक आइलैंड का सौंदर्यीकरण भी किया गया है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित इस चौक के लोकार्पण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस, कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मुंबई महानगर पालिका के आयुक्त भूषण गगरानी और लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्षा श्रीमती मंजू लोढ़ा के अलावा पंडित उपाध्याय जी के परिवार से विनोद शुक्ला, अतुल जैन, जापान और श्रीलंका के वाणिज्य दूतावास के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य अतिथियों ने मंच की शोभा बढ़ाई।
इस चौक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की आकर्षक रेखाचित्र प्रतिमा लगाई गई है, जिसमें उनके जीवन की प्रमुख घटनाओं और योगदान की जानकारी दी गई है। लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्षा श्रीमती मंजू लोढ़ा ने बताया कि यह चौक उस महानायक को समर्पित है, जिन्होंने दुनिया को एकात्म मानववाद का महत्त्वपूर्ण सिद्धांत दिया और अंत्योदय के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इस अवसर पर श्रीमती मंजू लोढ़ा ने निर्माण प्रक्रिया में शामिल विभिन्न श्रमिकों को उपयोगी कपड़े वितरित किये, जिन्हें पाकर सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे।
![Zero Error Ad](https://www.navsarjansanskruti.com/wp-content/uploads/2024/06/Zero-Error-Agency-Prafull-ADVT-1600-×-408-px.gif)